बस ऑपरेटर 2 मार्च से रहेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

Feb 25 2026

ग्वालियर। मध्य प्रदेश शासन द्वारा परिवहन विभाग का एक नोटिफिकेशन जारी किया गया है। जिसके अंतर्गत सभी बस ऑपरेटरों को प्रत्येक संभाग में एक कंपनी के अंतर्गत अपनी बसों का संचालन करना पड़ेगा। उक्त बात ग्वालियर चंबल संभाग बस ऑपरेटर संगठन के अध्यक्ष तोमर एवं महामंत्री पदम गुप्ता ने एक पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने मध्य प्रदेश शासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रकार से संभाग स्तर पर कंपनी बनाने से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा अभी बस ऑपरेटर द्वारा एक रुपए 25 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से यात्रियों को ले जाया जाता था। लेकिन इस नीति के लागू होने से जनता पर बोझ पढक़र एक रुपए 75 पैसे हो जाएगा। जिसका हम बस ऑपरेटर विरोध करते हैं। अभी हमने पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर जिलाधीशों को ज्ञापन दिया है, और शीघ्र ही मुख्यमंत्री से समय मिलने पर अपनी समस्याओं से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि यदि हमारी मांगे नहीं मांनी जाती तब संपूर्ण मध्य प्रदेश के बस ऑपरेटर 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।