यूथ इनोवेशन चैलेंज 2026 आयोजित

Feb 25 2026

ग्वालियर। युवाओं के करियर विकास, मानसिक स्वास्थ्य, पब्लिक पॉलिसी एवं लीडरशिप के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संस्था गुरुकुल ड्रीम फाउंडेशन द्वारा यूथ इनोवेशन चैलेंज 2026 का आयोजन ग्रैब स्पेस कोवर्किंग में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की नवाचार क्षमता को मंच प्रदान करना तथा उन्हें समाधान-आधारित सोच के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर शिक्षाविद् एवं युवा उद्यमी सलोनी खंडेलवाल निर्णायक के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों के विचारों, प्रस्तुति शैली और व्यावहारिक मॉडल का मूल्यांकन करते हुए युवाओं को नवाचार, नेतृत्व और आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने स्वच्छता, स्टार्टअप, सामाजिक समाधान, तकनीकी नवाचार एवं युवा सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने आइडिया प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने विचारों की व्यवहारिकता, सामाजिक प्रभाव और प्रस्तुति कौशल के आधार पर चयन किया। संस्था के संस्थापक आकाश बरूआ ने बताया कि गुरुकुल ड्रीम फाउंडेशन में ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उद्यमिता की दिशा में आगे बढऩे का अवसर मिलता है। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर दीपक माहौर, यश कुशवाह, सुलेखा गौर, अंशिका शर्मा आदि सदस्य मौजूद रहे।