मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से बीपीएल की अनिवार्यता समाप्त की जाये: डॉ. सिकरवार

Feb 24 2026

ग्वालियर। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में बीपीएल की अनिवार्यता करके गरीब वर्ग के परिवारों के साथ अन्याय किया है। इस वर्ष ग्वालियर संभाग में बसंत पंचमी एवं फुलैरा दोज पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत एक भी विवाह नहीं हुआ है। जिसका मुख्य कारण है, योजना में बीपीएल कार्ड की अनिवार्यता। यह बात 16 ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने विधानसभा में कहीं।
विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने अपना प्रश्न उठाते हुये कहा कि बीपीएल कार्ड की अनिवार्यता कर देने से उक्त योजना का लाभ निर्धन वर्ग के लोगों नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उदेशय निष्फल हो रहा है। विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा कि क्या प्रदेश में हर गरीब परिवार के पास बीपीएल कार्ड है, पिछले कुछ वर्षो से बी.पी.एल कार्ड सिर्फ गंभीर बीमारियों के ईलाज के लिये बनाये जा रहे है। ऐसे में गरीब परिवार अपनी बेटीयों के विवाह के लिये मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ नहीं ले पा रहे है। सरकार को योजना से बी.पी.एल कार्ड की अनिवार्यता समाप्त करने पर विचार करना चाहिए।