बायपास रोड़ से भितरवार विकास के पथ पर तेजी दौड़ेगा-मोहन राठौर

Feb 22 2026

भितरवार। नगर में बायपास सडक़ बनवाने का प्रयास पूरा होने जा रहा है। बायपास रोड़ की बजट सत्र में शासन से मंजूरी मिल गई है। आने वाले समय में जल्द ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। बायपास रोड़ बनने से भितरवार विकास के पथ पर तेजी से दौड़ेगा। और हमें नया भितरवार देखने को मिलेगा। यह बात क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर ने पत्रकार वार्ता में कही। नगर की बहुप्रतीक्षित बायपास सडक़ के मंजूर होने पर और भितरवार विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रस्तावित करोड़ों के विकास कार्यों को लेकर शनिवार को नगर के काली माता मंदिर प्रांगण स्थित भाजपा कार्यालय पर क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर ने एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने बताया कि नगर के लोग कई वर्षों से बाजार में जाम की समस्या से जूझ रहे थे। जाम लगने से आवागमन काफी प्रभावित हो रहा था। ऐसी स्थिति देखते हुए नगर में बायपास बनवाने का प्रयास शुरू किया। इसकी आवश्यक कार्रवाई कराने के बाद बजट सत्र में सरकार ने भितरवार में बायपास सडक़ निर्माण की मंजूरी प्रदान की। वहीं विधायक श्री राठौर ने बताया कि बागवई मार्ग की डी 3 नहर से हरसी नरवर मार्ग पर स्थित मधुवन गार्डन तक बायपास सडक़ प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि 20 करोड़ की लागत से 6 कि.मी.लंबी और 15 मीटर चौड़ी बायपास सडक़ बनेगी। जिसकी लोक निर्माण विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं विधायक श्री राठौर ने भितरवार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कई गांवों में करोड़ों की लागत से सीसी सडक़ बनवाने की बात कही। साथ ही उन्होंने विभिन्न गांवों में दिए गए वाटर टैंकरों की जानकारी दी, और नवीन आंगनवाड़ी भवन,विभिन्न गांवों के स्कूलों में कराए जाने वाले मरम्मत कार्य पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने कुछ गांवों में बनने वाले सामुदायिक भवन,सडक़ निर्माण,छोटा तोरण द्वार,सोलर लाइट,स्वागत द्वार,यात्री प्रतीक्षालय, आरओबी निर्माण,ओपन जिम आदि को लेकर आवश्यक जानकारी दी। वहीं विधायक श्री राठौर ही विकास कार्यों की श्रृंखला में तहसील चीनोर में एक मिनी स्टेडियम बनवाने की बात कही। वहीं उन्होंने बताया कि आगामी समय ने बहुत जल्द करहिया से मकरध्वज मंदिर तक सडक़ निर्माण शुरू होगा। अन्य गांवों में प्रस्तावित सडक़ों का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।
फायर ब्रिगेड खराब है तो नगर परिषद अध्यक्ष से पूछो
पत्रकार वार्ता में जब विधायक मोहन सिंह राठौर से पूछा कि आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए क्या उपाय किए हैं। चीनोर तहसील में एक भी फायर बिग्रेड नहीं हैं। भितरवार नगर परिषद की दो फायर बिग्रेड हैं। वे कंडम अवस्था में हैं चाहे जब खराब हो जाती हैं। पिछले वर्ष निकाय की एक फायर बिग्रेड खराब होकर खंडों पर खड़ी रही। फायर ब्रिगेड लीकेज होने से एक जनरल स्टोर की दुकान में लगी आग पर सही समय पर काबू नहीं पाया जा सका। किसानों की फसल पककर कटाई के तैयार होने बाली है। फायर ब्रिगेड को लेकर किए गए ऐसे सवालों पर विधायक श्री राठौर ने कहा कि निकाय की फायर ब्रिगेड खराब है तो नगर परिषद अध्यक्ष से पूछो। वहीं उन्होंने कहा कि आगजनी की घटनाओं को देखते हुए मैने विभिन्न गांवों टैंकर उपलब्ध कराए हैं। चीनोर तहसील के लिए भी एक ऐसा ही टैंकर दिया है।
अधिकारियों के साथ प्रस्तावित बायपास सडक़ का स्थल निरीक्षण किया
पत्रकार वार्ता के बाद क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के नगर में प्रस्तावित बायपास सडक़ को लेकर स्थल निरीक्षण किया। सबसे पहले वे हरसी मार्ग स्थित डी 3 नहर पर पहुंचे। जहां अधिकारियों ने बायपास रोड को लेकर तैयार किया गया नक्शा दिखाया। विधायक श्री राठौर ने नक्शा देखकर अधिकारियों से बायपास सडक़ को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं इसके बाद विधायक बायपास रोड के दूसरे छोर ग्राम बागवई के पास डी 3 नहर पर पहुंचे। जहां उन्होंने उपस्थिजनों के साथ अधिकारियों से बायपास रोड़ किस साइड से बनना हैं इसकी विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अधिकारियों ने ग्राम सुखना खिरिया की साइड से बायपास रोड़ बनने की संभावना व्यक्त की।
इस अवसर पर भितरवार भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, लखेश्वरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर रावत, भाजपा नेता उदयभान सिंह रावत, भीकम सिंह जाट, बिजेंद्र गुर्जर, बंटी गुर्जर आदि उपस्थित थे।