नाबालिग का अपहरण व दुष्कर्म करने वाला आरोपी पकड़ा

Feb 21 2026

ग्वालियर। एक नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर अपहरण फिर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी छात्रा को धौलपुर लेकर पहुंचा था। पुलिस धौलपुर पहुंची तो आरोपी की लोकेशन मथुरा आ गई। पुलिस मथुरा पहुंची तो आरोपी ग्वालियर लौट आया। यहां रात कमला राजा हॉस्पिटल (केआरएच) की छत पर मरीज के अटेंडेंड बनकर गुजारी।
आरोपी ने केआरएच की छत पर नाबालिग से दुष्कर्म किया। घटना दो दिन पहले की है। बहोड़ापुर पुलिस ने लोकेशन ट्रैस कर पहले नाबालिग को मुक्त कराया फिर आरोपी को पकड़ा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि इस्लामपुरा स्थित रामाजी की पुलिया निवासी सोलह वर्षीय नाबालिग 16 फरवरी को लापता हो गई थी। जब उसका पता नहीं चला तो परिजन ने उसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने लापता के नाबालिग होने पर अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने नाबालिग की तलाश की तो पता चला कि उसके पास ही रहने वाला फैजान खान पुत्र शहजाद खान उसे अगवा कर ले गया है। पुलिस ने उसकी जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह नाबालिग को धौलपुर ले गया है। पुलिस जब धौलपुर पहुंची तो पता चला कि वहां से नाबालिग को लेकर मथुरा निकल गया। इसका पता चलते ही पुलिस मथुरा पहुंची तो आरोपी वहां से भी निकल गया था। पुलिस लगातार आरोपी का पीछा कर रही थी। ग्वालियर में पुलिस को पता लगा कि वह लक्ष्मीगंज में खाटू श्याम मंदिर के पास देखा गया है। जिस पर ने पुलिस घेराबंदी कर आरोपी को पकडक़र नाबालिग को मुक्त कराया। 
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे लेकर कमलाराजा की छत पर पहुंचा और रात में वह वहां ही रूके थे। यहां पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने नाबालिग के बयान पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।