सफलता की दिशा तय करते हैं प्रयास-डॉ. माहौर

Feb 21 2026

ग्वालियर। सभी टीमें चैंपियन नहीं बन सकतीं, लेकिन जीत के लिए पूरे मन से प्रयास करना बेहद जरूरी है। प्रयास ही सफलता की दिशा तय करता है। यह बात जयारोग्य अस्पताल के सहायक अधीक्षक डॉ. एमएल माहौर ने कही। वे जीवाजी विश्वविद्यालय के ग्राउंड पर मानव रचना शिक्षा समिति के मास्टर ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। स्वागत भाषण एड. राजेश गुर्जर ने दिया।
टूर्नामेंट संयोजक बसंत सिंह राठौर ने बताया कि कांटे की टक्कर के पहले मैच में सुपर स्टार ठाठीपुर ने चैलेंजर हजीरा को हराया। रोमांच से भरपूर दूसरे मैच में राइजिंग स्टार हजीरा ने जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में स्टाइकर डीडी नगर ने पावर हिटर मुरार को पराजित कर जीत अपने नाम की। अंतिम मैच में रॉयल किंग लश्कर और फाइटर मुरार आमने सामने थे। इसमें मुरार ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत हासिल की। इससे पहले डॉ. माहौर ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। और कहा कि जिंदगी में चुनौतियों को अपनाएं और आत्मविश्वास को कम न होने दें, सफलता अवश्य मिलेगी। अंत में महामाया प्रसाद व बसंत सिंह राठौर ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।