शराब के लिए रूपए न देने पर फायरिंग करने करने वाले चारो बदमाश पकड़े

Feb 20 2026

ग्वालियर। माधौगंज थाना पुलिस ने शराब के रूपए न देने पर एक युवक के घर के बाहर फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों और एक बाल अपचारी को मुखबिर की सूचना पर गत रात चिरवाई नाका हनुमान मंदिर के पास झाडिय़ों से पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बिना नंबर की एक स्कॉर्पियो, एक 315 बोर का कट्टा और दो खाली खोके बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाशों की पहचान  योगेश कंसाना निवासी महलगांव, सुमित चौहान निवासी गोवर्धन कॉलोनी गोला का मंदिर,अक्षय नागिल निवासी करौली माता मंदिर महलगांव के रूप में हुई है।
घटना माधौगंज थाना क्षेत्र में 18 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे हुई थी। आरोपियों ने हेमसिंह की परेड मुर्गी फार्म निवासी गौतम चौरसिया के घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए फायरिंग की थी। घटना के दौरान बदमाशों के अन्य साथियों अक्षय नागिल और बाल अपचारी ने गौतम के पड़ोसी की घर के बाहर खड़ी कार में भी तोडफ़ोड़ की थी। 
पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों को उसी स्थान पर ले जाकर घटना का सीन रिक्रिएशन किया, जहां उन्होंने दहशत फैलाई थी। इस दौरान बदमाश सिर झुकाए हुए और लंगड़ाकर चल रहे थे। 
माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी ने बताया कि रंगदारी दिखाते हुए शराब के लिए रूपए न देने पर युवक के घर के बाहर फायरिंग करने वाले एक बाल अपचारी सहित चार बदमाशों को पकड़ा है। उन्हें घटनास्थल पर ले जाकर घटना को समझने का प्रयास किया गया। फिलहाल सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।