मेले में नशा मुक्त भारत, स्वच्छता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजित

Feb 19 2026

ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेले में रंगमंच पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा नशा मुक्त भारत, स्वच्छ ग्वालियर एवं सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मे बीके ज्योति बहन, बीके डॉ गुरचरण सिंह, बीके प्रहलाद भाई, बीके जीतू, बीके पवन, बीके सुरभि, बीके रोशनी  एवं बीके हर्षित शर्मा उपस्थित थीं।
इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए संस्थान के कलाकारों में  हंसिका, नंदिनी, रिया, शारदा, हिमांशी, छाया, रचना, पवन, लक्ष्मी, सुरभि, रोशनी, ध्रुव, भजन गायक अखिलेश द्विवेदी, तवला वादक निलक्ष्य सेलमकर आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकना, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाना तथा युवाओं व परिवारों को सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में संस्था की बहनों द्वारा उपस्थित जनसमूह को राजयोग ध्यान का संक्षिप्त अनुभव कराया गया, जिससे वातावरण में शांति, सकारात्मकता एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज के बाल कलाकारों एवं युवाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। नृत्य, गीत, नाटक एवं सुन्दर भजनों कि प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्ति एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। विशेष रूप से प्रस्तुत नशा मुक्ति पर आधारित नाटक ने दर्शकों को भावुक कर दिया और यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। इसके साथ ही महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक रहस्य पर भी नाटक की सुन्दर प्रस्तुति हुई।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के वरिष्ठ वक्ता बीके ज्योति बहन, बीके डॉ गुरचरण, बीके प्रहलाद भाई ने कहा गया कि आज के समय में नशा, तनाव और गलत संगति युवाओं को जीवन से भटका रही है। यदि मनुष्य अपने मन को मजबूत बनाकर आत्मबल बढ़ाए, तो वह किसी भी नकारात्मक आदत को छोड़ सकता है। उन्होंने कहा कि राजयोग ध्यान आत्मा को शक्ति देता है, जिससे व्यक्ति अपने अंदर की कमजोरी पर विजय प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि स्वस्थ समाज का निर्माण तभी संभव है जब हम नशे से दूर रहकर स्वच्छता को जीवन में अपनाएं और अपने विचारों को सकारात्मक बनाएं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मेला परिसर में आए नागरिक, युवा, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने  कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज को सही दिशा मिलती है और जागरूकता बढ़ती है। अंत में सभी आगंतुकों को नशा मुक्त जीवन एवं स्वच्छता अपनाने का संकल्प दिलाया गया तथा संस्था द्वारा सभी के उज्ज्वल जीवन की शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम का समापन शांति संदेश के साथ हुआ।