पारिवारिक क्लेश से तंग बुजुर्ग ने गोली मारकर आत्महत्या की

Feb 14 2026

ग्वालियर। 95 साल के बुजुर्ग ने लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के नेहरू कॉलोनी में गत रात की है। गोली पेट में लगकर पीठ से आर-पार निकल गई। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बुजुर्ग दम तोड़ चुके थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर एक सुसाइड नोट भी मिला है। बुजुर्ग पारिवारिक क्लेश से तंग आ चुके थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाटीपुर थाना क्षेत्र के 80 ए नेहरू कॉलोनी निवासी रामाधार उम्र 95 साल पुत्र मंगाराम गुप्ता डेयरी संचालक थे। पीएंडटी कॉलोनी में उनकी दूध डेयरी है। वर्तमान में डेयरी को उनके बेटे सुरेश चंद्र गुप्ता संचालित करते हैं। गत रात वह अपने कमरे में थे और परिवार के लोग अपने-अपने काम में लगे थे। तभी अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज आई। परिजन दौडक़र कमरे में पहुंचे तो अंदर रामाधार खून से लथपथ पड़े थे।
पास ही उनकी बारह बोर की लाइसेंसी राइफल पड़ी हुई थी। परिजन ने नब्ज टटोलकर देखा तो नहीं चल रही थी। फौरन उन्होंने इसकी जानकारी बेटे सुरेश चंद्र को दी। सुरेश चंद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में पता चला है कि बुजुर्ग ने कुर्सी पर बैठकर जमीन पर राइफल टिकाई और पेट पर उसकी नाली रख कर ट्रिगर दबाया था। जिससे गोली उनके पेट में लगकर आर-पार निकल गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मॉर्चुरी भिजवा दिया है। पुलिसने फोरेंसिक जांच भी कराई है।
बताया गया है कि मृतक ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसे पुलिस अफसरों ने निगरानी में ले लिया है। पुलिस के अनुसाार, सुसाइड नोट में बुजुर्ग ने घर में पारिवारिक कलह के कारण परेशान होने की बात लिखी है।
 सुसाइड नोट में लिखा- बड़ी बहू के कारण आत्महत्या की
मैं, रामाधार अपनी परेशानी से तंग आकर यह कदम उठा रहा हूं। मेरी बड़ी बहू सुनीता मुझे बहुत परेशान करती है। अब मुझसे यह परेशानी झिल नहीं रही है। मैं आत्महत्या सुनीता के कारण कर रहा हूं। मेरी हत्या की जिम्मेदार सुनीता है। बहुत सहा, पर अब मुझसे यह सब झिल नहीं रही है, क्योंकि मेरी उम्र 95 साल की हो चुकी है। मैंने सुनीता से कहा कि मेरी उमर अब मरने लायक है, अब हम कहां जाएंगे। मेरी मौत का मामला सुनीता पर जरूर दर्ज करें। मेरी छोटी बहू मेरा ख्याल रखती थी।
थाना प्रभारी थाटीपुर विपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि एक बुजुर्ग ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम किया है। फिलहाल खुदकुशी के कारणों की पड़ताल की जा रही है।