लंबे आंदोलन के बाद एनपीएस कर्मचारियों को पारिवारिक पेंशन की सौगात

Feb 12 2026

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश के एनपीएस कर्मचारियों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए उनके आश्रित परिजन एवं तलाकशुदा बेटी को भी पारिवारिक पेंशन का लाभ देने के फैसले से प्रदेश के लगभग 8 लाख कर्मचारियों को एवं उनके परिवार को लाभ मिलेगा।
नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम के जिला संयोजक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि यह मांग पिछले कई वर्षों से एनओपीएस संगठन के द्वारा लगातार उठाई जा रही थी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद डेरिया के नेतृत्व में एवं संगठन के पदाधिकारी द्वारा पारिवारिक पेंशन लागू करने के लिए मध्य प्रदेश शासन से निरंतर ज्ञापन पत्राचार एवं आंदोलन किए गए। इसी कड़ी में 2 से 4 जनवरी 2026 को भोपाल स्थित अंबेडकर पार्क में वरिष्ठता सहित पारिवारिक पेंशन की मांग को लेकर आमरण अनशन भी किया गया। 
इस आमरण अनशन में प्रदेश अध्यक्ष परमानंद डेरिया के साथ ग्वालियर जिले के राजेन्द्र सिंह बलवीर सिंह परमार, नंदकिशोर गोस्वामी, नरेश गुप्ता, लक्ष्मीनारायण जाटव, राम अवतार मौर्य, श्रीमती शशि कुशवाह, मनोज बरैया, दयानंद कुशवाह, जितेंद्र सिंह चौहान सहित सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए थे।