नि:शुल्क प्रसादी वितरण हेतु अचलेश्वर भक्तों को मिले अनुमति

Feb 10 2026

ग्वालियर। महाशिवरात्रि पर्व पर अचलेश्वर महादेव पर लगने वाले विशाल मेले में उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की लाखों की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन एवं जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। भीड़ की आवाजाही को सुगम एवं निर्विघ्न बनाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए जाएं। पूर्व के आदेश में संशोधन कर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए अचलेश्वर बाबा के भक्तों को नि:शुल्क प्रसादी वितरण के लिए अचलेश्वर परिसर स्थित राम मंदिर के सामने त्रिशूल स्थली अथवा किसी अन्य जगह काउंटर लगाने की अनुमति दी जाए ताकि सुरक्षा के साथ परंपराओं का निर्वाहन भी हो सके।
 अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के पूर्व सूचना सचिव, ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया एवं बाबा अचलेश्वर के सैकड़ों भक्तों ने मंगलवार को मंदिर परिसर में बृहद बैठक करने के उपरांत न्यास प्रमुख जस्टिस एनके मोदी एवं जिला प्रशासन से उक्त विनम्र अनुरोध करते इस बाबत अनुरोध पत्र सौंपा है। 
अचलभक्तों ने कहा कि महाशिवरात्रि पर अचलेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देना अनिवार्य है लेकिन विगत कई दशकों से यहां पर नि:शुल्क प्रसादी वितरण का स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं दिया जाना अनुचित एवं धार्मिक भावनाओं के विरूद्ध है। बाबा के भक्तों ने अचलेश्वर परिसर में स्थित राममंदिर के बाहर त्रिशूलस्थली को नि:शुल्क प्रसादी वितरण के काउंटर के लिए चयनित किया है। मंदिर प्रबंधन अपनी सुविधा अनुसार कोई अन्य स्थल भी स्वीकृत कर सकता है। 
 अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के महेन्द्र भदकारिया एवं अन्य भक्तों ने मंदिर रिसीवर एवं जिला प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि नि:शुल्क प्रसादी वितरण के काउंटर के लिए उपयुक्त स्थल स्वीकृत नहीं किया गया तो आज बुधवार 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे से अचलेश्वर मंदिर परिसर में अचल बाबा के भक्तों द्वारा शांतिपूर्ण धरना देकर अपना विरोध ज्ञापित किया जाएगा।