डबरा में कलश वितरण के दौरान भगदड़ मचने से महिला की मौत, बच्ची समेत 8 घायल

Feb 10 2026

ग्वालियर। जिले के डबरा में धार्मिक आयोजन के दौरान अव्यवस्था जानलेवा बन गई। नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण-प्रतिष्ठा से पहले निकाली जा रही कलश यात्रा के दौरान स्टेडियम ग्राउंड में अचानक भगदड़ मच गई।  यह कार्यक्रम पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा था।
डबरा में नवनिर्मित नवग्रह शक्तिपीठ की कलश यात्रा के पूर्व कलश वितरण के समय भगदड़ मच जाने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें से चार लोगों का उपचार डबरा अस्पताल में चल रहा है जबकि एक बच्ची और एक महिला को ग्वालियर स्थित एप्पल हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। वहीं एक महिला को जेएएच में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
 मृतक महिला की पहचान रति साहू के रूप में हुई है, जो हनुमान कॉलोनी की रहने वाली थी। जबकि एक बच्ची समेत 9 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। परिजन ने पुलिस और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा नवग्रह मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा करा रहे थे, जिसका कार्यक्रम 20 फरवरी तक चलना है। इस भगदड़ पर प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है।
 घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने एप्पल हॉस्पिटल एवं जेएएच अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना साथ ही चिकित्सकों को उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
घटना की सूचना मिलने पर आईजी अरविंद सक्सेना, एएसपी सुमन गुर्जर, अनु बेनीवाल, सीएमएचओ डॉ सचिन श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायलों का हाल जाना।