अश्वारोही प्रतियोगिता एवं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन 15 से

Feb 09 2026

ग्वालियर। सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर के लाल बहादुर शास्त्री खेल मैदान पर 15 से 27 फरवरी तक 44वीं अखिल भारतीय पुलिस अश्वारोही प्रतियोगिता एवं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन किया जा रहा है। इस स्पर्धा में लगभग 21 पुलिस एवं अर्ध सैनिक बल सहित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी की टीमें भाग लेंगी।
उक्त जनकारी पत्रकारों को देते हुये अकादमी के निदेशक आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं राज्य पुलिस बलों की अश्वारोही टीमें भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी अपने कौशल, अनुशासन, शारीरिक क्षमता एवं पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। 
्रश्री सिंह ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों की समृद्ध अश्वारोही परंपरा को सुदृढ़ करना, पेशेवर दक्षता को बढ़ावा देना तथा विभिन्न बलों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और एस्प्रिट डी काप्र्स की भावना को प्रोत्साहित करना है।
 उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान ओलंपिक एवं एशियाई खेलों में होने वाले आयोजन में से तीन आयोजन होंगे। जिसमें शो जंपिंग, ड्रेसेज, टेंट पेगिंग, क्रॉस कंट्री, इक्विटेशन स्पर्धाएं प्रमुख है। इसी के तहत अन्य तकनीकी एवं चुनौती पूर्ण स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इन स्पर्धाओं के माध्यम से घुड़सवारों की संतुलन क्षमता, गति, नियंत्रण, साहस एवं त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन देखने को मिलेगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस स्पर्धा में जहां कुछ पूर्व में ओलंपिक एशियाड मे भाग ले चुके खिलाडी भी भाग लेंगे। वहीं भविष्य में ओलंपिक एवं एशियाड मे भाग लेने वाले खिलाडी भी निखरकर सामने आयेंगे। पत्रकार वार्ता में ब्रजेश कुमार, जटाशंकर चैहान, डीएस सोंधा, अमित शर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।