नगर निगम के वाहन की टक्कर से बछड़े की मौत

Feb 09 2026

ग्वालियर। नगर निगम के वाहन की टक्कर से सोमवार सुबह 11 बजे पड़ाव बस स्टैंड पर गाय के बछड़े की मौत हो गई। बछड़े की मौत के बाद कोई विवाद या हंगामे की स्थिति बने उससे पहले ही बछड़े के शव को वहां से हटवा दिया गया। बताया गया है कि बछड़ा अचानक से गाड़ी के सामने आ गया, जिससे ड्राइवर ब्रेक नहीं लगा सका और टक्कर होने के बाद नाक से खून निकला जिससे उसकी मौत हो गई।
सीवर साफ करने वाला लोडर वाहन सफाई करने के लिए जा रहा था। वाहन बस स्टैंड तक पहुंचा था कि तभी गाय का बछड़ा अचानक से सामने आ गया। वाहन के सामने एकदम से बछड़ा आया तो वाहन का चालक सकपका गया और सही समय पर ब्रेक नहीं लगा सका।
टक्कर लगने से बछडे ने कुछ समय बाद सडक़ पर दम तोड़ दिया। बछड़े की मौत होने की जानकारी जैसे ही निगम अमले तक पहुंची वहां कुछ कर्मचारी तत्काल पहुंचे और बछड़े के शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिजवाया।