स्कूटी सवार को लोडिंग वाहन ने मारी टक्कर, मौत

Feb 09 2026

ग्वालियर। स्कूटी सवार युवक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी है। हादसे में स्कूटी सवार गिरकर घायल हुआ है। गंभीर हालत में उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना यादव धर्मकांटा के पास हजीरा की है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मृतक युवक मोबाइल पर बातचीत करते हुए नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक वीडियो कॉल पर किसी से बात कर रहा था। अचानक आगे कार आने पर एक हाथ से ब्रेक लगाया और उसी समय पीछे से आ रहा अज्ञात लोडिंग वाहन उसे रौंदता हुआ निकल गया। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन की पहचान कर रही है।
उप नगर मुरार लालटिपारा निवासी दीपक सिंह तोमर पुत्र राधेश्याम सिंह टाटा के वर्कशॉप में कर्मचारी था। वह किसी काम से हजीरा जा रहा था। वह स्कूटी पर सवार होकर हजीरा यादव धर्मकांटा के पास ब्रह्माणी हॉस्पिटल के सामने से गुजर रहा था। दीपक गाड़ी चलाते समय किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। तभी अचानक आगे कार आ गई।
कार को देखते ही दीपक ने अचानक एक हाथ से स्कूटी के ब्रेक लगा दिए। इसी समय पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उसे टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गया। स्कूटी और वाहनों की टक्कर होने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया और उसके परिजन को सूचना दी। घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है।
जब पुलिस ने पड़ताल की तो एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक्सीडेंट की घटना घटित होते नजर आ रही है। सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार मोबाइल हाथ में पकडक़र किसी से वीडियो कॉलिंग करते हुए जाता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले लोडिंग वाहन की तलाश कर रही है।