कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

Feb 08 2026

ग्वालियर। चकलेश्वर धाम, जय माँ काली कामाख्या धाम के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर रविवार 8 फऱवरी को एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह कलश यात्रा प्रात: 10 बजे गोल पहाडिय़ा से प्रारंभ होकर चकलेश्वर धाम तक निकाली गई।
कलश यात्रा में लगभग 500 महिलाओं ने श्रद्धा व उत्साह के साथ भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए श्रद्धालु महिलाएँ भजन-कीर्तन करती हुई चल रही थीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा के दौरान जयकारों और धार्मिक गीतों से क्षेत्र गूंज उठा।
इस अवसर पर कथा वाचक आचार्य रवि तिवारी ने भगवान के नाम की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि भगवान का नाम ही सर्व सामर्थ्यवान है, जो जीव को त्रितापों से मुक्त कर जीवन को कल्याणमय बनाता है।
यह संपूर्ण आयोजन जय माँ काली कामाख्या धाम के संत अनिल शंकर नंदगिरि महाराज के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। आयोजन के अंतर्गत श्रीमद्भागवत कथा एवं महाशिवार्चन का भव्य आयोजन प्रतिदिन किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. केशव पांडेय एवं सह संयोजक आकाश मिश्रा हैं।