इस दुख की घड़ी में सरकार आपके साथ है चिंता न करें-राठौर

Feb 06 2026

भितरवार। ओलावृष्टि के रूप में किसानों पर प्रकृति की मार पड़ी है। भारी ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। जिससे हमारे क्षेत्र का अन्नदाता दुखी है। आप किसी प्रकार की चिंता मत करना इस दुख की घड़ी में सरकार आपके साथ है। यह बात क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर ने ओला पीडि़त किसानों से कही। 
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों चीनोर तहसील के लगभग एक दर्जन गांवों में भारी ओलावृष्टि हुई थी। जिससे किसानों की रवि सीजन की गेहूं,चना,मटर,सरसों की फसल में भारी नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि के रूप में आई प्राकृतिक आपदा को देखते हुए शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक राठौर ओला पीडि़त ग्राम जुझारपुर एवं कछौआ में पहुंचे। जहां उन्होंने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के साथ जन चौपाल आयोजित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक विस्तार से सुना। 
उसके बाद उन्होंने कलेक्टर के निर्देश पर हुए नुकसान का सर्वे कर रहे राजस्व एवं कृषि विभाग के संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें निर्देशित किया कि नुकसान का सही आकलन किया जाए। पूरा सर्वे सही हो और सर्वे का कार्य शीघ्रता से पूर्ण हो जिससे किसानों को समय पर उचित मुआवजा मिल सके। वहीं विधायक श्री राठौर ने उपस्थित पीडि़त किसानों से कहा कि  प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। ओलावृष्टि से प्रभावित हर पात्र किसान को उचित मुआवजा अवश्य मिलेगा। वहीं इस दौरान विधायक किसानों के साथ स्वयं ट्रैक्टर चलाकर खेतों पर पहुंचे। जहां उन्होंने ओलावृष्टि से खराब हुई फसल देखी। इसके बाद वे अन्य ओला प्रभावित गांवों में भी पहुंचे। और किसानों को उचित सहायता राशि दिलवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने किए जा रहे सर्वे के संबंध में कलेक्टर और एसडीएम से भी आवश्यक जानकारी ली।