कम्प्यूटर एडेड डिजाइन एवं त्रि-आयामी मुद्रण पर संवाद सत्र आयोजित

Feb 05 2026

ग्वालियर। माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (एमआईटीएस) के कॉन्क्लेव केंद्र में मैकेनोवा-2026 के अंतर्गत कम्प्यूटर एडेड डिजाइन (कैड) एवं त्रि-आयामी मुद्रण विषय पर एक विशेषज्ञ संवाद सत्र आयोजित किया गया। संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मौर्य ने बताया कि यह आयोजन यांत्रिकी विभाग तथा कैड क्रू क्लब द्वारा संपन्न हुआ।
कार्यक्रम  संयोजक  प्रोफेसर वैभव शिवहरे ने कैड क्रू क्लब की गतिविधियों का परिचय देकर बताया कि आधुनिक अभियान्त्रिकी में संगणक सहायता प्राप्त अभिकल्पन किस प्रकार डिज़ाइन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और उन्नत बनाता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संस्थान के पूर्व छात्र अजीत राजपूत, डिवीजनल अभियंता, मप्र विद्युत मण्डल उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी नवाचारों के व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर प्रेरक विचार साझा किए।
मुख्य वक्ता अभिनव मिश्रा (इमोटेक) ने कैड एवं त्रि-आयामी मुद्रण तकनीक पर बताया कि इन तकनीकों से अभिकल्पन और निर्माण प्रक्रियाएँ अधिक सटीक, तीव्र, किफायती तथा नवाचार-उन्मुख बन रही हैं और विभिन्न उद्योगों में इनका उपयोग तेजी से बढ़ रहा है।
सत्र के अंत में विद्यार्थियों से संवाद आयोजित किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रोफेसर भूपेन्द्र पांडे, शरद अग्रवाल, नितिन उपाध्याय उपस्थित रहे।