जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ प्रवीण भार्गव का हार्ट अटैक से निधन

Feb 05 2026

ग्वालियर। नगर निगम जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ सहायक वर्ग तीन प्रवीण भार्गव का गुरुवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही नगर निगम में शोक की लहर छा गई। अंतिम संस्कार पैतृक गांव नरवर जिला शिवपुरी में किया जाएगा। प्रवीण भार्गव कुछ महीने बाद ही विभाग से रिटायर होने वाले थे।
महलगांव स्थित प्रधानमंत्री आवास फ्लैट में प्रवीण भार्गव को सुबह 5 बजे हार्ट अटैक आया और कुछ देर बाद उनका निधन हो गया। प्रवीण भार्गव अपनी वाकपटुता और हंसमुख प्रवृत्ति के कारण विभाग में हर किसी के प्रिय थे। मदाखलत विभाग में काफी लंबे समय तक वह इंस्पेक्टर के पद पर रहे और अपनी दमदार कार्यशैली के कारण अतिक्रमणकारियों में खौफ कायम रखते थे।
नगर निगम अफसर महलगांव पहुंचे और प्रवीण भार्गव को श्रद्धाजंलि अर्पित की। दोपहर 1 बजे उनका पार्थिव शरीर नरवर शिवपुरी के लिए रवाना हुआ।