म्यूजियम का कार्य 3 माह में करें पूरा: संघ प्रिय

Feb 04 2026

ग्वालियर। नगर निगम के म्यूजियम के पुननिर्माण कार्य को तीन माह के अंदर पूरा करें, साथ ही तीन माह के अंदर ही फर्नीचर, ग्लास आदि लगाने की व्यवस्था करें। जिससे म्यूजियम को आमजनों के लिए खोला जा सके। यह निर्देश सभापति मनोज तोमर एवं निगमायुक्त संघ प्रिय द्वारा किए गए निर्माणाधीन म्यूजियम के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं ठेकेदार को दिए। इसके साथ ही सभापति एवं निगमायुक्त ने निर्माणाधीन परिषद भवन एवं रोपवे की पुरानी साइड का भी निरीक्षण किया।
सभापति एवं निगमायुक्त संघ प्रिय ने म्यूजियम के निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट इंजीनियर एवं ठेकेदार को निर्देश दिए कि सिविल का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही म्यूजियम के अंदर दुर्लभ वस्तुओं को प्रदर्शित करने के लिए फर्नीचर एवं ग्लास आदि लगाए जाएं। जिससे आमजनों के लिए म्यूजियम को खोला जा सके।
 इसके बाद निगमायुक्त एवं सभापति ने नवीन परिषद भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभापति एवं निगमायुक्त कार्य की गति से संतुष्ट दिखे। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अक्टूबर माह तक कार्य को पूर्ण किया जाए। साथ ही परिषद भवन के अंदर फर्नीचर, लाइट, एवं एसी आदि का कार्य भी तेजी से किया जाए। साथ ही इन कार्यों को भी प्रोजेक्ट में शामिल करें।
इसके बाद सभापति मनोज तोमर एवं निगमायुक्त संघ प्रिय ने रोपवे की पुरानी साइड का निरीक्षण किया। चूंकि रोपवे को स्थानांतरित कर उसे अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।
इसलिए यह जमीन नगर निगम की अनुपयोगी हो गई है। जिस पर निगमायुक्त ने इस जमीन पर कमर्शियल प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।