इस माह 5 लाख 61 हजार रुपए अचलेश्वर मंदिर को दान में मिले

Feb 04 2026

ग्वालियर। अचलेश्वर महादेव मंदिर में आने वाले दान की हर माह की जाने वाली गिनती में इस बार 5 लाख 61 हजार 850 रुपए दान पेटी में से निकले। इस गिनती के दौरान एक रुपए के कलदार से लेकर 500 रुपए के नोट ही नहीं बल्कि मंदिर में अपनी मनोकामनाएं लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के हाथों से कागज पर लिखे गए पत्रों के माध्यम से लगाई गई अर्जियां भी निकलीं।
उल्लेखनीय है कि अचलेश्वर महादेव मंदिर शहर के प्राचीन मंदिरों में से एक है, इस पर जहां हर सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजा के लिए आते हैं तो शिवरात्रि, सावन के सोमवार सहित विशेष अवसर और त्योहारों पर श्रद्धालुओं का मेला सा लगता है, ये श्रद्धालु अपनी श्रद्धानुसार दानपेटी में नगर पैसे ही नहीं कई बार चांदी सोना भी अर्पित करते हैं। इसी की हर माह गिनती की जाती है। इस दौरान कागज पर लिखी अर्जियां भी दानपेटी में निकलती हैं।