समाज को नई तकनीक से अवगत कराएं स्वयंसेवक-डॉ. मालवीय

Feb 04 2026

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (एमआईटीएस) सम विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा समन्वय सेवा आश्रम, मुरैना रोड पर आयोजित सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर का पंचम दिवस अनुशासन, बौद्धिक विमर्श एवं सामाजिक जागरूकता के साथ संपन्न हुआ।
संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मौर्य ने बताया कि शिविर के पंचम दिवस का शुभारंभ प्रात: योग, व्यायाम एवं श्रमदान से हुआ। स्वयंसेवकों ने आश्रम परिसर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रात: प्रथम बौद्धिक सत्र में एमआईटीएस सम विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. निखिल पालीवाल एवं सह प्राध्यापक डॉ. नितिन उपाध्याय ने नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। द्वितीय बौद्धिक सत्र में यांत्रिक अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष डॉ. सीएस मालवीय एवं डॉ. वेदांश चतुर्वेदी ने तकनीकी शिक्षा, अनुशासन, कर्मनिष्ठा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पर मार्गदर्शन दिया।
डॉ. मालवीय ने स्वयंसेवकों से समाज को नई तकनीकों से अवगत कराने का आह्वान किया। अपराह्न सत्र में आयुर्वेदिक कॉलेज की प्राध्यापक डॉ. रश्मि प्रधान ने स्वस्थ जीवनशैली, आयुर्वेद एवं भारतीय ज्ञान परंपरा पर प्रकाश डाला। सायंकाल बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई।