एमआईटीएस ने विद्यार्थियों के लिए आगरा अनवील्ड का आयोजन किया

Feb 03 2026

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (एमआईटीएस)के हेरिटेज एंड टूरिज़्म क्लब द्वारा एक दिवसीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण आगरा अनवील्ड का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की मुग़लकालीन स्थापत्य विरासत, ऐतिहासिक महत्व तथा विश्व धरोहर स्थलों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। इस भ्रमण के दौरान प्रतिभागी विद्यार्थियों ने ताजमहल एवं आगरा किला का अवलोकन कर उनकी स्थापत्य भव्यता और ऐतिहासिक महत्ता को नज़दीक से समझा।
ताजमहल के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संगमरमर पर की गई सूक्ष्म नक्काशी, पच्चीकारी कला, सममितीय स्थापत्य शैली तथा प्रेम और समर्पण के प्रतीक के रूप में इसकी वैश्विक पहचान को देखा और सराहा। विश्व के सात अजूबों में शामिल ताजमहल की अद्वितीय सुंदरता और स्थापत्य संतुलन ने विद्यार्थियों को भारतीय शिल्पकला की उत्कृष्टता से अवगत कराया।
आगरा किले के भ्रमण में विद्यार्थियों ने दीवान-ए-आम, दीवान-ए-ख़ास, जहांगिरी महल, मुसम्मन बुजऱ् एवं विभिन्न दरबारों और सभागारों का अवलोकन किया। किले की सुदृढ़ संरचना, लाल बलुआ पत्थर से निर्मित भव्य दीवारें तथा मुग़ल प्रशासन और दरबारी जीवन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों ने छात्रों को उस कालखंड की राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक व्यवस्था को समझने का अवसर प्रदान किया।
इस शैक्षणिक यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल मुग़लकालीन कला एवं वास्तुकला का अध्ययन किया, बल्कि विश्व धरोहर स्थलों के संरक्षण, प्रबंधन और ऐतिहासिक महत्व के प्रति जागरूकता भी प्राप्त की। इस अवसर पर क्लब की संयोजक डॉ. जयमाला झा सहित प्रो. हेमलता आर्या, डॉ. सुमित धारिवाल एवं डॉ. हरदेव पाल सिंह उपस्थित रहे।