आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Feb 03 2026

ग्वालियर। आउटसोर्स मप्र संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय आह्वान पर जिले के आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी जिला मुख्यालय पर एकत्रित हुए। कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर सुरेश कुमार बरादिया को ज्ञापन सौंपा। यह आंदोलन प्रांतव्यापी आंदोलन के प्रथम चरण के तहत प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किया गया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष कोमल सिंह के नेतृत्व में पहुंचे कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार एवं विभाग द्वारा मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 23 फरवरी को राजधानी भोपाल में हजारों की संख्या में कर्मचारी एकत्रित होकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन एवं नारेबाजी करेंगे तथा उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद 24 फरवरी को स्वास्थ्य संचालनालय पर प्रदर्शन कर न्याय यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री से गुहार लगाई जाएगी।