विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने वाला बजट: आशीष अग्रवाल

Feb 02 2026

ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण द्वारा लोकसभा में 1 फरवरी 2026 को पेश हुए केंद्रीय बजट को भाजपा नेताओं ने विकसित भारत की ओर एक प्रगतिशील और दूरदर्शी कदम बताया है। नेताओं का मानना है कि यह बजट कृषि, बुनियादी ढांचे, और युवा आकांक्षाओं को पूरा करेगा।
बजट पर  बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने वाला बजट है। यह बजट स्पष्ट करता है कि सरकार की प्राथमिकताएँ विकास, विश्वास और समावेशन हैं। गरीब, किसान, युवा और महिलाएँ इस बजट के केंद्र में हैं। किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार देने और महिलाओं की आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए ठोस और व्यावहारिक प्रावधान किए गए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में 7 हाई-स्पीड कॉरिडोर और 12.2 लाख करोड़ का कैपिटल एक्सपेंडिचर सरकार के निर्माण और निवेश आधारित विकास पर दृढ़ विश्वास को दर्शाता है, जो उद्योग और रोजगार को नई गति देगा।
आशीष अग्रवाल ने  कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में 3 आयुर्वेदिक एम्स की घोषणा पारंपरिक चिकित्सा को आधुनिक स्वास्थ्य ढांचे से जोडऩे का बड़ा कदम है, जिससे आम नागरिकों को सस्ती और सुलभ, स्वास्थ्य सेवाएँ मिलेंगी। मध्यम वर्ग और ईमानदार करदाताओं के लिए इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं, यह स्थिरता और भरोसे का संदेश देता है।
कुल मिलाकर, यह बजट सरकार के तीन कर्तव्यों-आर्थिक विकास, जन-आकांक्षाओं की पूर्ति और सबका साथ, सबका विकास को और सशक्त बनाता है।