पुलिस को मिली बड़ी सफलता,8 दिन से लापता सोमप्रीत कौर को खोज निकाला

Jan 31 2026

भितरवार। स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सक्रियता के साथ 8 दिन से लापता युवती सोमप्रीत कौर को खोज निकाला है। पुलिस ने पंजाब में मिली युवती को उसके पिता को सुपुर्द कर दिया है। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई पर युवती के ससुराल पक्ष के लोगों ने एसडीओपी और थाना प्रभारी का सम्मान किया है। 
उल्लेखनीय है कि ग्राम आदमपुर की सोमप्रीत कौर के लापता होने के मामला लगातार तूल पकड़ता चला जा रहा था। 27 जनवरी को उसके मायके पक्ष के लोग नाराज होकर भितरवार थाने के सामने धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। जिस पर पुलिस ने मायके पक्ष की रिपोर्ट पर युवती के पति सहित चार लोगों पर दहेज एक्ट का मामला दर्ज किया। 
मायके पक्ष का आरोप था कि सोमप्रीत कौर को उसके ससुराल पक्ष के लोगों के द्वारा लगातार प्रताडि़त किया जाता था। और इसी प्रताडऩा के चलते उसे गायब कर दिया गया है। सोमप्रीत के पति,सास-ससुर सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर करने के बाद पुलिस ने इस मामले की बारीकी से जांच शुरू की। 
एसडीओपी जितेंद्र नगाइच और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह ने सोमप्रीत कौर को खोजने एक टीम गठित की। लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को सोमप्रीत की लोकेशन पंजाब के मोहाली में मिली। इसके बाद भितरवार पुलिस की एक टीम सोमप्रीत के परिजनों को साथ लेकर मोहाली पहुंची। जहां से उसे सकुशल बरामद किया।
बरामदगी के बाद सोमप्रीत को सीधे भितरवार थाने लाया गया। जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद पुलिस ने युवती को मायके पक्ष के सुपुर्द कर दिया।
वहीं इस मामले में सोमप्रीत का आरोप है कि उसे ससुराल पक्ष के लोग प्रताडि़त करते थे। इसलिए वह घर छोडक़र चली गई थी। वहीं मामले का खुलासा होने पर युवती के ससुराल पक्ष के लोग पुलिस थाने पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीओपी जितेंद्र नगाइच और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह का सम्मान किया। वहीं इस दौरान एसडीओपी पुलिस कर्मियों की टीम को एक गुलाब भेंटकर बधाई दी।