लाखों की चोरी कर घर में आग लगा गए चोर, दहेज का सामान जला

Jan 31 2026

भितरवार। बीती रात देवरी गांव में अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर में धावा बोल दिया। घर में घुसे चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर रफूचक्कर हो गए। चोरी करने के बाद चोरों ने घर में आग भी लगा दी। जिससे किसान के कीमती कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हुई चोरी की वारदात की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी कलां के रहवासी किसान राजेंद्र सिंह रावत पुत्र गुमान सिंह रावत के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। गत रात राजेंद्र के घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखे बक्शे से सोने के आभूषण झुमकी, लांग हार, चूड़ी आदि लगभग 7 तोला के साथ ही चोरों ने चांदी के आभूषण और 4 लाख रुपए नकद एंव कपड़े भी चोरी कर लिए। चोरों ने घर से जाते समय आग भी लगा दी। जिससे घर में रखी गृहस्ती जलकर राख हो गई।
बताते हैं कि उक्त किसान की बेटी रोशनी की शादी 20 फरवरी को होनी है। जिसके लिए किसान भितरवार और डबरा से दान-दहेज का सामान लेकर आया था। चोरी की वारदात के दौरान किसान के घर के सभी सदस्य गांव में ही बने अपने दूसरे घर में थे।
सुबह 4 बजे जब किसान राजेंद्र की पत्नी मीराबाई जब मवेशियों को चारा देने के लिए पहुंचीं। तो उसे कमरे से धुआं उठता दिखाई दिया। जिस पर उसने तत्काल अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बेलगढ़ा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह प्रजापति पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने पहले आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली उसके बाद थाना प्रभारी श्री प्रजापति ने पुलिस की एक टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय कर घटना की हर एंगल से जांच पड़ताल शुरू कर दी है।