मेला सेक्टरों से ठेले नहीं हटाए और झूले बंद करने के समय में पक्षपात बरता तो मेला होगा गैरमियादी बंद
Jan 31 2026
ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को संभागायुक्त मनोज खत्री, मेला प्रभारी अतुल सिंह, मनीष यादव एवं मेला सचिव एसके त्रिपाठी को ज्ञापन पत्र प्रेषित कर ग्वालियर व्यापार मेला के सुचारू संचालन के लिए उन सभी गंभीर समस्याओं का तत्काल निराकरण किए जाने का आग्रह किया जिनसे मेला व्यापारी और सैलानी रोजाना ही जूझ रहे हैं।
मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया के नेतृत्व में दिए ज्ञापन पत्र में ठेलों एवं फड़ वालों से दुकानदारों हो रही असुविधा पर रोष जताते हुए कहा गया है कि मेला में, विशेषकर झूला एवं मनोरंजन सेक्टर में अवांछित व अवैध ठेलों एवं फड़ वालों ने बीच सडक़ पर कब्जा जमा रखा है। इस कारण झूला एवं मनोरंजन सेक्टर में हर वक्त सडक़ जाम की स्थिति बनी रहती है। इस कारण हजारों रुपए किराया एवं अन्य शुल्क जमा करने वाले मेला के दुकानदारों का व्यापार चौपट हो रहा है।
मनोरंजन व झूला सेक्टर में हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। हालत यह हो गई है कि सैलानियों को पांच फलांग चलने में भी दस मिनट लग रहे हैं। ठेलों एवं फडों की बेतरतीबी के कारण सैलानी दुकानों के काउंटर तक पहुंच ही नहीं पाते हैं। सडक़ पर ठेलों एवं फड़ की बेतरतीब उपस्थिति के कारण आपदा की स्थिति में फायर बिग्रेड एवं एंबुलेंस की तत्काल पहुंच में बाधा उत्पन्न होने का भी खतरा है, इसलिए इन ठेलों एवं फडों को यहां से तत्काल हटाकर इनके लिए निर्धारित हॉकर्स जोन में भेजा जाए।
मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अनिल पुनियानी ने यह भी मांग की कि झूला एवं मनोरंजन सेक्टरों में सभी झूलों को रात्रि में बंद करने के लिए एक समान निष्पक्ष नियम बनाया जाए। ऐसा न हो कि झूला सेक्टर में झूलों को नियमानुसार रात दस बजे बंद कराकर मेला के अन्य हिस्सों में झूलों को रात ग्यारह बारह बजे तक चालू रहने दिया जाए। ऐसा लगता है कि मेला प्रशासन के कुछ लोग ऐसा करके झूला संचालकों में आपस में मतभेद उत्पन्न करना चाहते हैं ताकि व्यापारियों की एकजुटता खंडित हो जाए। मेला व्यापारी संघ ऐसा हरगिज नहीं होने देगा। सभी झूलों को रात्रि में एक समान समय पर ही बंद कराया जाए, कुछ पर रहम और बाकी पर सख्ती की नीति आज से ही बंद कर दी जाए।
ज्ञापन पत्र में मेला व्यापारी संघ ने सख्त अल्टीमेटम दिया है कि यदि ठेलेवालों को सेक्टरों से हटाकर हॉकर्स जोन में नहीं भेजा गया और झूला बंद करने के मामले में एकसमान निष्पक्ष रवैया नहीं अपनाया गया तो व्यापारीगण मेला को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर मेला प्राधिकरण के गेट पर धरने पर बैठ जाएंगे। इस स्थिति का जिम्मेदार मेला प्राधिकरण होगा।
ज्ञापन पत्र भेंट करने वालों में मेला व्यापारी संघ के महेन्द्र भदकारिया, महेश मुदगल, अनिल पुनियानी, उमेश उप्पल, जगदीश उपाध्याय, अनुज गुर्जर, चंदनसिंह बैस, हरिकांत समाधिया, विजय कब्जू, सुरेश हिरयाणी, महेन्द्र सेंगर, बालकृष्ण अग्रवाल,अनिल राठौर, जतिन हिरयानी, रमेश शर्मा, बीके अग्रवाल, रतन समाधिया, रामू अरोड़ा, आशीष शर्मा, युवराज कंसाना, संजय चौहान, अचल भदकारिया आदि शामिल थे।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









