आईएमसी युवा क्षमता स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में महानार्यमन सिंधिया ने रखा सशक्त विजन

Jan 31 2026

ग्वालियर। मुंबई में आयोजित आईएमसी युवा क्षमता स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में शामिल होना महानार्यमन राव सिंधिया के लिए न केवल एक गरिमामय अनुभव रहा, बल्कि यह मंच देश के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाला भी साबित हुआ। इस आयोजन में उन्होंने जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को पहचानने, संवारने और विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं के लिए खेलों में नए अवसर सृजित करने पर अपने दूरदर्शी विचार साझा किए।
महानार्यमन राव सिंधिया ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन निर्माण और चरित्र गढऩे की सबसे सशक्त पाठशाला हैं। अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण खेलों से ही विकसित होते हैं, जो युवाओं को जीवन के हर क्षेत्र में सफल बनाते हैं।
उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में खेल जगत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब युवा स्वस्थ, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी होंगे, तभी देश प्रगति की ऊँचाइयों को छू सकेगा।
कॉन्क्लेव के दौरान महानार्यमन राव सिंधिया ने इस बात पर विशेष ज़ोर दिया कि आज भी देश के गांव-कस्बों में अपार प्रतिभा छिपी हुई है, लेकिन संसाधनों और मंच के अभाव में वह सामने नहीं आ पाती। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि नीति-निर्माता, उद्योग जगत और खेल संस्थान मिलकर ऐसे तंत्र विकसित करें, जिससे हर प्रतिभाशाली युवा को उचित प्रशिक्षण, सुविधा और मंच मिल सके।
उन्होंने खेलों में निजी भागीदारी, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और स्कूल-कॉलेज स्तर पर खेल संस्कृति को मज़बूत करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। उनका मानना है कि यदि सही दिशा और सहयोग मिले, तो भारत आने वाले वर्षों में खेलों की महाशक्ति बन सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद युवा खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और खेल विशेषज्ञों ने महानार्यमन राव सिंधिया के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि उनका दृष्टिकोण यथार्थवादी होने के साथ-साथ प्रेरणादायक भी है। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी की मेहनत व्यर्थ नहीं जाएगी और उसे अपनी क्षमता दिखाने का पूरा अवसर मिलेगा।
युवा क्षमता स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में महानार्यमन राव सिंधिया की उपस्थिति और उनके विचारों ने यह स्पष्ट कर दिया कि यदि नेतृत्व दूरदर्शी हो, तो खेल न केवल व्यक्तिगत जीवन, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को भी नई ऊँचाई दे सकते हैं।