नशे की लत व्यक्ति की सोचने-समझने की शक्ति छीन लेती है-बीके प्रहलाद

Jan 31 2026

ग्वालियर। महानिरीक्षक के निर्देशन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सहयोग से सेकंड वाहिनी विसबल में रेंज स्तरीय नशा मुक्ति शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में 250 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में उपमहानिरीक्षक सेनांनी राकेश सागर, ब्रह्माकुमारी संस्थान की केंद्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी, प्रेरक वक्ता बीके प्रहलाद, बटालियन से यूनिट 5 चिकित्सक डॉ. ओम प्रकाश वर्मा और पूनम शर्मा उपस्थित थीं।
शिविर में बीके प्रहलाद ने कहा कि नशा धीरे-धीरे इंसान के जीवन को अंधकार की ओर ले जाता है। यह शुरुआत में सुख देता है, लेकिन समय के साथ यह शरीर, मन और परिवार को खोखला कर देता है। नशा किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह समस्याओं की जड़ है।
उप महानिरीक्षक राकेश सागर ने कहा कि जीत एक दिन मिलती है, लेकिन तजुर्बा रोज मिलता है। हमें हर दिन सीखने और सुधारने की आवश्यकता है।
बीके आदर्श दीदी ने कहा कि नशा समस्याओं का समाधान नहीं है। हमें अपने जीवन के साथ अपने परिवार को भी उतना ही महत्व देना चाहिए। डॉ. ओमप्रकाश वर्मा ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा मन को स्थिर नहीं करता, बल्कि उसे और बेचैन कर देता है। समापन नशा मुक्त, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया।