कैरियर मेले में डीआईजी अमित सांघी ने छात्राओं का जगाया हौसला

Jan 30 2026

ग्वालियर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ठाटीपुर में शासन के निर्देशानुसार आयोजित पांच दिवसीय कैरियर मेला महोत्सव के तीसरे दिन छात्राओं को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र सीखने को मिले।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डीआईजी अमित सांघी ने छात्राओं को सफलता का मूल मंत्र देते हुए कहा कि लक्ष्य का निर्धारण और उसे पाने के लिए निरंतर अनुशासन ही सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए सिखाया कि विपरीत परिस्थितियों में भी अपना आत्मविश्वास कैसे बनाए रखें और उच्च पदों तक पहुँचने के लिए केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि तार्किक सोच और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना कितना आवश्यक है। श्री सांघी ने जोर देकर कहा कि यदि मेहनत में ईमानदारी और लगन हो, तो कोई भी बाधा छात्रा के सुखद भविष्य के निर्माण को नहीं रोक सकती।
इसी क्रम में जादौन एकेडमी के डॉ. जितेन्द्र कुमार शर्मा ने प्रशासनिक सेवाओं (यूपीएससी/एमपीपीएससी) के प्रति छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें परीक्षा की तैयारी के चरण, टाइम मैनेजमेंट और सही विषयों के चयन की बारीकियां सिखाईं। वहीं, सीए प्रिया चतुर्वेदी ने वाणिज्य और वित्त के क्षेत्र में संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के व्यावहारिक सुझाव दिए।
उन्होंने छात्राओं के साथ सीधा संवाद कर उनके मन के डर को दूर किया और बताया कि कैसे छोटे-छोटे लक्ष्यों को पूरा कर बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। छात्राओं ने भी विशेषज्ञों से संवाद के दौरान यह संकल्प लिया कि वे भविष्य में अपनी पहचान बनाने के लिए कठिन परिश्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देंगी।
कार्यक्रम में की अध्यक्षता कर रहे संस्था प्राचार्य राजीव कुमार बंधारिया, श्रीमती संगीता सक्सेना, श्रीमती वन्दना सिसौदिया, बंगाली बाबू जाटव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मयूरी चतुर्वेदी ने किया।