ट्रक की टक्कर से कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत

Jan 30 2026

ग्वालियर। शुक्रवार सुबह घने कोहरे के बीच सडक़ हादसा हो गया। भिंड रोड हाईवे पर बंटू ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी भिंड जिले के हैं। सुबह करीब 8 बजे जैसे ही इनकी कार बंटू ढाबा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को रौंद दिया।
घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र में बंटू ढाबा के पास घटित हुई है सुबह कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम थी। इसी वजह से ट्रक क्रमांक एमपी 07 एचबी 2801 के चालक ने ट्रक को तेज़ रफ्तार में चलाते हुए कार क्रमांक एमपी 07 जेडएफ 5193 में सामने से तेज़ टक्कर मारी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा निवासी मेहगांव (भिंड), ज्योति यादव (भिंड), भूरे प्रजापति (गोरमी) भिंड और उमा राठौर पत्नी पति राम राठौर, निवासी मोरोली भिंड के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक मृतक सौरभ उम्र 24 साल बीएससी एग्रीकल्चर का पेपर देने आगरा जा रहा था। कार उसके भाई की है। रास्ते में उसे सवारी मिल गई, जिनकी हादसे में मौत हो गई। सौरभ के भाई अंकित ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे सौरभ घर से निकला था। परिवार में 2 भाई और एक बहन है।
ज्योति की बहन नीलम यादव ने बताया कि हमें सुबह सूचना मिली थी कि मालनपुर में एक्सीडेंट हुआ है। कार में मेरी बहन भी आ रही थी। उसे मथुरा जाना था, इसलिए वह गोरमी से निकली थी। ज्योति के 2 बच्चे हैं। वह अकेली घर से निकली थी।
टक्कर मारने के बाद झाडिय़ों में जा घुसा ट्रक
टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सडक़ के दाहिने हिस्से में झाडिय़ों में जा घुसा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने चारों शवों को कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय पुलिस और शुरुआती जांच के अनुसार घना कोहरा और कम विजिबिलिटी व तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, जिससे ड्राइवरों को सामने आ रहे वाहन दिखे नहीं और हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।