ग्वालियर के योगेंद्र भदौरिया के प्रदर्शन से भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया

Jan 29 2026

नोएडा/ग्वालियर। भारत ने ऐतिहासिक पांच मैचों की इंडिया बनाम इंग्लैंड मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की शुरुआत दमदार जीत के साथ की। शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम ग्रेटर नोएडा में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने ग्वालियर के विकेट कीपर बल्लेबाज योगेंद्र भदौरिया के शानदार 94 रन के चलते इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 173 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से गेंदबाजी में आकाश सिंह और विवेक कुमार ने अहम मौकों पर विकेट चटकाकर इंग्लैंड की रनगति को नियंत्रित रखा और बड़े साझेदारियों को बनने से रोका।
जवाब में भारत ने लक्ष्य का पीछा किया और 18.5 ओवर में 3 विकेट पर 175 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारतीय पारी के हीरो ग्वालियर मध्य प्रदेश के विकेटकीपर-बल्लेबाज योगेंद्र भदौरिया रहे, जिन्होंने 59 गेंदों में शानदार 94 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनकी इस पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल थे। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच के बाद योगेंद्र भदौरिया ने कहा, यह पुरस्कार मेरे लिए खास है, लेकिन असल में यह पूरी टीम का है। हमने आत्मविश्वास के साथ खेला और समावेशन व समान अवसर की भावना वाली इस सीरीज में योगदान देना गर्व की बात है।
योगेंद्र भदौरिया के शानदार प्रदर्शन एवं टीम इंडिया की जीत पर, समाजसेवी दीपक सचेती, मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन दिव्यांग के सचिव संजय सिंह तोमर, सह सचिव उमेश गुप्ता, प्रदीप सिंह भदोरिया, देवेंद्र बाथम, अजय उपाध्याय सहित शहर के सभी खिलाडिय़ों एवं खेल प्रेमियों ने बधाई दी।