नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

Jan 27 2026

ग्वालियर। अज्ञात कारणों के चलते एक नव विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुरा की है। घटना का पता उस समय चला जब पति कमरे में पहुंचे तो विवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया है। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि विवाहिता ने किन कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जान दी है। पुलिस को जांच में कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाटीपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुरा में रहने वाली 25 वर्षीय कामिनी शाक्य पत्नी राहुल शाक्य ने अपने कमरे में गत रात फांसी लगा ली। बीती रात खाना खाने के बाद राहुल और उसकी पत्नी कामिनी सो गए थे, लेकिन जब सुबह राहुल उठा तो उसकी चीख निकल गई, क्योंकि कमरे में कामिनी फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। विवाहिता के फांसी पर लटके होने की सूचना मिलने पर अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे और जब उसकी नब्ज टटोली तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक विवाहित कामिनी शाक्य और राहुल की शादी दो साल पहले ही हुई थी, वह दोनों ही अकेले रहते थे। पति राहुल प्राईवेट नौकरी करता है। परिजनों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसको एक बच्चा हुआ था, लेकिन बीमारी से उसकी मौत हो गई थी।