ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी

Jan 27 2026

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 77वाँ गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उमंग, हर्षोंल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। यहाँ कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउंड पर आयोजित हुये गरिमामयी मुख्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया और संयुक्त परेड की सलामी ली। सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी भारतीय गणतंत्र के शीर्ष उत्सव को मनाने के लिए एसएएफ मैदान पर पहुँचे।
 मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने प्रात 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान व एसएसपी धर्मवीर सिंह के साथ खुली जीप में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। श्री तोमर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया। 
संयुक्त परेड में शामिल जवानों ने हर्ष फायर किये और राष्ट्रपति के जयकारे लगाये। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने 77वे गणतंत्र दिवस की सभी जिलेवासियों को बधाई दी। मुख्य अतिथि ने शांति और खुशहाली के प्रतीक हरे, सफेद व केसरिया रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों व लोकतंत्र सेनानियों को समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति व भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांध दिया।  
समारोह में नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि आज 77वां गणतंत्र दिवस है, हम सबके लिए गौरव का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेटवर्क में पूरा देश तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। विश्व में हमारी शाख बन रही है। आने वाले कल मैं यह और बढ़े इस दृष्टि से सभी नागरिकों को कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर चलना चाहिए।
हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव प्रदेश के तीव्र गति से विकास के लिए काम कर रहे हैं। तोमर ने कहा कि आज के संदेश पत्र में विभिन्न योजनाओं नारी सम्मान, सशक्तिकरण, युवाओं, किसानों का जिक्र है। आने वाले कल में ग्वालियर मेट्रो पॉलिटन सिटी बनेगा और मुरैना में देश का सबसे बड़ा सोलर प्लांट लगाया जाएगा, यह आंचल के लिए बड़ी उपलब्धि है।