विधायक के बाद पार्षद ने किया पार्षद पतियों का विरोध, बैठक से बाहर निकलवाया

Jan 23 2026

भितरवार। नगर में पिछले कुछ दिनों से पार्षद पतियों को लेकर राजनैतिक माहौल गर्माया हुआ है। स्थानीय प्रशासन द्वारा पूछ परख न किए जाने पर पार्षद पति कैलाश खटीक द्वारा अपनाए गए बगावती तेवरों के बाद विधायक मोहन सिंह राठौर के यह बयान पार्षद से बात करो पार्षद पतियों से बात मत करो को लेकर पार्षद पतियों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की थी। 
विधायक के विरोध के बाद अब एक भाजपा पार्षद ने पार्षद पतियों का खुलकर विरोध किया है। भाजपा पार्षद ने निकाय की बैठक से पार्षद पतियों को बाहर निकलवाकर एक बार फिर पार्षद पतियों को बेइज्जत करने का काम किया है। 
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों पहले नगर के वार्ड क्रमांक 4 की पार्षद अनीता खटीक के पति कैलाश खटीक ने आरोप लगाया था। कि जब से मोहन सिंह राठौर विधायक बने हैं। तब से स्थानीय प्रशासन द्वारा कोई पूछ परख नहीं की जा रही। आयोजित हुए कार्यक्रमों में पार्षद और भाजपा के जिम्मेदार कार्यकताओं को नहीं बुलाया जाता। निकाय के चुनाव में भाजपा छोडक़र कांग्रेस का दामन थाम चुके पुन: भाजपा में शामिल हुए पार्षद पति कैलाश खटीक के पुन: बगावती तेवरों पर एक सवाल के जवाब में क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर ने कहा था कि पार्षद से बात करो,पार्षद पतियों से बात मत किया करो। 
विधायक श्री राठौर के ऐसे बयान का असर शुक्रवार को निकाय बैठक देखने को मिला। पहली बार नगर परिषद की बैठक में भाजपा पार्षद जितेंद्र सिंह ने पार्षद पतियों का विरोध किया। और उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई कि पार्षद पति बैठक में नहीं होना चाहिए। जो महिला पार्षद है वही बैठक में रहे। भाजपा पार्षद के विरोध के बाद सीएमओ रीता कैलशिया ने पार्षद पतियों को बैठक से बाहर कर दिया। इस दौरान पार्षद पति रघुबीर सिंह यादव ने सीएमओ से कहा कि यह नियम कब तक चलेगा। वहीं निकाय की बैठक से बाहर किए गए पार्षद पतियों को लेकर नगर के राजनैतिक माहौल में एक बार फिर गर्माहट आ गई है।