बदमाशों ने बीच सडक़ पर छात्रा को पीटा, पुलिस ने एक थाने से दूसरे थाने दौड़ाया

Jan 21 2026

ग्वालियर। कॉलेज छात्रा के साथ बदमाशों ने बीच सडक़ मारपीट कर दी। भीड़ जुटने पर बदमाश मौके से भाग निकले। शिकायत करने पहुंचे परिजन को पुलिस एक थाने से दूसरे थाने तक टरकाती रही। पीडि़त को लगातार एक सा जवाब दिया कि मामला हमारे अधिकार क्षेत्र का नहीं है।
वारदात विश्वविद्यालय थाना इलाके में सन वैली रोड की है। फ्लॉवर सिटी में रहने वाली मयूरी गुप्ता स्कूटी से एमएलबी कॉलोनी में स्टेनो की कोचिंग अटैंड करने जा रही थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने बाइक से उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
मयूरी सडक़ पर गिर गई। चोटें भी आईं। उसने युवकों से शिकायत की तो वे गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने सडक़ पर ही उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी।
हंगामा देखकर भीड़ जुटने लगी तो बदमाश युवक मौके से भाग निकले। मयूरी किसी तरह घर पहुंची। मां रजनी गुप्ता को बताया। इसके बाद मां और पड़ोसी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने कहा कि पहले पुलिस में रिपोर्ट करनी पड़ेगी। अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें पड़ाव थाने भेज दिया।
पड़ाव थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने इसे अपने क्षेत्र का मामला न बताते हुए सिरोल थाने जाने की सलाह देकर हजीरा सिविल अस्पताल जाने को कहा।
मयूरी को लेकर मां सिरोल थाने पहुंची तो वहां भी पुलिस ने मौका-ए-वारदात को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया। विश्वविद्यालय थाने जाने के लिए कह दिया।
पीडि़त विश्वविद्यालय थाने पहुंचे, तो पुलिस ने जांच करने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। हैरत की बात ये है कि इस दौरान किसी भी थाना पुलिस ने घायल मयूरी गुप्ता का मेडिकल चेकअप भी नहीं कराया। छात्रा का आरोप है कि ग्वालियर पुलिस इस मामले में कार्रवाई करने से बच रही है।