ग्वालियर व्यापार मेले से एक साल का बच्चा लापता, नशेड़ी युवक से बच्चा बरामद

Jan 20 2026

ग्वालियर। व्यापार मेले में गत रात एक साल का मासूम संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। बच्चा मेले में फुटकर दुकान लगाने वाली महिला का था। बेटा न मिलने पर महिला पुलिस के पास पहुंची थीं। बच्चा छोटा था और मामला संवेदनशील था। यही कारण था कि पुलिस ने तत्काल अलर्ट होते हुए मेला के सभी सेक्टर और गेट पर चौकसी बढ़ा दी।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बच्चा एक नशेड़ी युवक के साथ मिला है। बच्चे को लेकर यह नशेड़ी कहीं लेकर जा रहा था। पुलिस ने बच्चे को बरामद किया है।
नशेड़ी ने दो दिन तक बच्चे की मां के पास ही दुकान लगाई, फिर तीसरे दिन दुकान नहीं लगाई, लेकिन बच्चे को उठाकर ले गया। आरोपी ने बच्चे को क्यों उठाया और उसकी मंशा क्या थी यह खुलासा नहीं हो पाया है। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया है।
एसडीओपी बेहट और मेला प्रभारी मनीष यादव ने बताया कि सिकंदर कंपू निवासी मोनिका जोशी मेले में दुकान लगाती है। गत देर शाम वह दुकानदारी कर रही थी कि तभी उसका ध्यान एक वर्षीय बेटे पर गया तो वह घबरा गई। दुकान में कहीं भी बेटा नहीं था। पता चलते ही उसने अपने स्तर पर बालक की तलाश की, लेकिन कहीं भी बेटा नजर नहीं आया तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी तत्काल हरकत में आ गई। यह तो साफ था कि एक साल का बच्चा खुद से कहीं नहीं जाएगा बल्कि उसे कोई ले गया है। जिस पर पुलिस ने पूरी मेला पुलिस को अलर्ट कर दिया।
एक वर्षीय बालक के गायब होने का पता चलते ही पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और मेले के हर गेट पर पुलिस का पहरा लगाकर बालक की तलाश शुरू कराई। पुलिस एक-एक सैलानी को बारीकी से स्कैन कर रही थी। जिससे कोई भी बच्चे को लेकर बाहर न निकल सके।
जब पुलिस छानबीन कर रही थी तो ऑटो मोबाइल सेक्टर की ओर से गेट की तरफ जाते एक युवक दिखा। युवक की गोद में एक बच्चा था। युवक बाहर निकलने की तैयारी में था। तभी पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। बच्चा वही निकला है जो लापता हुआ था। नशेड़ी युवक की पहचान पूरन बाथम के रूप में हुई है।
पुलिस ने बच्चा बरामद होने के बाद आरोपी पूरन बाथम से पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया है जहां से उसे जेल भेज दिया है।