सामाजिक संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों ने राज्यपाल से की सौजन्य भेंट

Jan 20 2026

ग्वालियर। स्वामी विवेकानंद समर्थ फाउंडेशन एवं युवा एकता परिषद पिछले कई वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सक्रियता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों के 4 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल से राजभवन में सौजन्य मुलाकात कर स्वास्थ्य, महिला संबंधित विषयों एवं एवीएन शिक्षा के महत्व पर विस्तृत चर्चा की। यह मुलाकात समाज में महिलाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।
इस चर्चा के दौरान महिला स्वास्थ्य से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण समस्याओं जैसे संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि महिलाओं का स्वस्थ रहना न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। इसके साथ ही एवीएन (आचार,विज्ञान एवं नैतिकता) आधारित शिक्षा पर भी जोर दिया गया। ऐसी शिक्षा महिलाओं और बालिकाओं में नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास, जागरूकता तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है। संगठन ने इस प्रकार की शिक्षा को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल मंगू भाई पटेल से भेंट के उपरांत स्वामी विवेकानंद समर्थ फाउंडेशन व युवा एकता परिषद की ओर से राज्यपाल को सम्मान स्वरूप शाल श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने संगठन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए महिला स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
भेंटवार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल में डॉ. दीपक शर्मा, पंडित सचिन शर्मा सूर्या, रूपेश मंडलोई एवं संजय पाण्डेय शामिल रहे।