इंस्टॉलेशन सेरमनी सेवा, नेतृत्व और संगठनात्मक एकता का उत्सव है-आशीष अग्रवाल

Jan 19 2026

ग्वालियर। जेसीआई ग्वालियर द्वारा औरम रंगमहल गार्डन में अपनी 62वीं इंस्टॉलेशन सेरमनी का गरिमामयी आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल रहे। उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई एवं समाज सेवा, नेतृत्व और उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया। 
मुख्य अतिथि आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि यह सेरमनी सेवा, नेतृत्व और संगठनात्मक एकता का सशक्त उत्सव है। यह मंच साधारण नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा, नए संकल्पों और नवाचारपूर्ण सोच का प्रतीक है। जिस संतोष के साथ निवर्तमान अध्यक्ष विदा हो रहे हैं और जिस ऊर्जा व अपेक्षाओं के साथ नवागत अध्यक्ष पदभार ग्रहण कर रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि इस बार जेसीआई ग्वालियर नए कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है। 
उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्य तभी सार्थक होते हैं जब उन्हें अपने विचार और आचरण में उतारा जाए। जब हमें अपने सुख से अधिक दूसरों के सुख में आनंद मिलने लगे, तभी सच्ची सामाजिक सेवा की शुरुआत होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 62वीं इंस्टॉलेशन सेरमनी यह प्रमाणित करती है कि संगठन के सदस्यों में सेवा का भाव गहराई तक समाहित है। उन्होंने सभी से ग्वालियर के विकास में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि जैसे कोई इंदौरी गर्व से अपने शहर की उपलब्धियाँ गिनाता है, वैसे ही हमें भी ग्वालियर की पहचान, प्रगति और गौरव के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि यह पर्व केवल परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति और खगोल विज्ञान से जुड़ा जीवन दर्शन है। इस दिन सूर्यदेव का मकर राशि में प्रवेश और उत्तरायण जीवन में चेतना, आशा और सकारात्मकता का प्रतीक है।