पेयजल व्यवस्था सही नहीं हुई तो कड़ी कार्रवाई होगी लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं करूंगा

Jan 17 2026

भितरवार। क्या देख रहे हो यहां लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाओ जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था सही नहीं हुई तो कड़ी कार्रवाई होगी। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं करूंगा। यह बात नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने पटवारी कॉलोनी में पेयजल प्रभारी और कर्मचारियों कही।
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से नगर के वार्ड 2 पटवारी कॉलोनी में पेयजल व्यवथा बाधित हो गई है। कॉलोनी के लगभग आधा दर्जन घरों में नलों से पानी नहीं पहुंच रहा है। इन घरों के लोगों की पेयजल समस्या को देख शनिवार को सुबह 8 बजे नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल, पार्षद गजब सिंह रावत के साथ पेयजल प्रभारी जगदीश यादव और पेयजल कर्मी को लेकर पटवारी कॉलोनी लेकर पहुंचे। जहां अध्यक्ष श्री अग्रवाल पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों से मिले।
इस दौरान कॉलोनी की महिलाओं ने अध्यक्ष को बताया कि पिछले कुछ दिनों से हमारे घर पानी नहीं पहुंच रहा। कर्मचारी केवल 30 मिनिट पेयजल सप्लाई करता है। इसके बाद नल बंद कर दिए जाते हैं। नलों से घरों तक पानी न पहुंचने पर हेडपंप से पानी लाने को मजबूर हैं। रहवासियों की ऐसी बात सुन अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने पेयजल प्रभारी जगदीश यादव और कर्मचारियों से गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आप लोग क्या देख रहे हो लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। अपनी जिम्मेदारी से सही ढंग क्यों नहीं निभा रहे। पेयजल सप्लाई क्यों बाधित हो रही है।
अध्यक्ष की ऐसी बात सुन पेयजल प्रभारी ने मैन पाइप लाइन में एक जगह बॉल लगाने की बात कही। प्रभारी ने निकाय के स्टोर कर्मी कमलेश कुशवाह द्वारा बाल उपलब्ध न कराने की बात कही। जिस पर अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने कहा कि जब तक कॉलोनी के इन घरों में पानी न पहुंचे। तब कर्मचारी कमलेश कुशवाह के घर का नल कनेक्शन काट दो। में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं करूंगा।