बालभवन में आनंद उत्सव आयोजित हुआ

Jan 14 2026

ग्वालियर। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आनंद उत्सव का आयोजन बालभवन में किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम के अधिकारियों द्वारा पतंग उडाने का आनंद लिया गया। साथ ही विभिन्न खेलों का भी आयोजन हुआ। इस आनंद उत्सव में एनयूएलएम की सदस्यों, जनप्रतिनिधियों सहित छात्र एवं छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान बालभवन में हुई पतंगबाजी ने अलग ही छटा बिखेरी।
इस दौरान बालभवन में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कीं। सर्वप्रथम रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें महिला, पुरूष एवं बच्चों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। बच्चों को नगर निगम द्वारा चाट-पकौड़ी, समौसे एवं गजक का नाश्ता कराया गया।
बालभवन में आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता में छात्र, छात्राओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। छात्रों एवं छात्राओं की अलग-अलग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सभी ने अपना-अपना दम दिखाया। रस्सा करसी का खेल सभी छात्र एवं छात्राओं को सबसे अधिक भाया।
रस्सा कशी के बाद चेयररेस का आयोजन किया गया। चूंकि वहां पर काफी छात्र-छात्राएं मौजूद थे, इसके कारण कई ग्रुपों में इस खेल का आयोजन किया गया।
पतंगबाजी के लिए रंग बिरंगी पतंगों को लाया गया था, इसके चलते जब आसमान में एक साथ काफी सारी पतंगें उड़ीं तो आसमान भी सतरंगी हो गया। पतंगबाजी के दौरान छात्रों ने जमकर एक दूसरे से पेच लड़ाए। पतंगबाजी में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि कोई भी चायनीज मांझे का उपयोग नहीं करे।