भाजपा की ‘फर्जी कार्यकारिणी’ से उडी ग्वालियर में सियासी धूल, प्रदेश मीडिया प्रभारी के बयान के बाद नेताओं के चेहरे उतर गए

Jan 13 2026

ग्वालियर। भाजपा ग्वालियर जि़ले की नई कार्यकारिणी के नाम पर सोशल मीडिया पर वायरल हुई सूची ने पूरे राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। वायरल सूची में जिला भाजपा की नई टीम के नाम बताए गए थे, जिसमें 3 महामंत्री, 7 उपाध्यक्ष, और सबसे बड़ी चर्चा का कारण—विनय जैन को महामंत्री पद से हटाकर उपाध्यक्ष बनाए जाने की बात शामिल थी। जैसे ही यह सूची सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तैरने लगी, पार्टी दफ्तर से लेकर कार्यकर्ताओं के व्हाट्सऐप ग्रुप तक में संदेशों की बाढ़ आ गई।
सूची में जिन नेताओं के नाम दर्ज थे, उनमें और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कई नेताओं ने अपने समर्थकों को बधाइयाँ भी स्वीकार कर लीं और कुछ ने तो सोशल मीडिया पर ‘धन्यवाद पोस्ट’ तक का ड्राफ्ट तैयार कर लिया था। जिला संगठन में मानो एक अनौपचारिक उत्सव जैसा माहौल बन गया था। लेकिन यह खुशी देर तक टिक न सकी।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए वायरल सूची पूरी तरह फजऱ्ी, भ्रामक और बिना अनुमति जारी किया गया दस्तावेज है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी ऐसी किसी भी अनधिकृत सूची को मान्यता नहीं देती और नई कार्यकारिणी की घोषणा केवल संगठन द्वारा तय प्रक्रिया से ही होगी।
अग्रवाल के बयान के बाद पार्टी में फैली उत्सुकता एक पल में ठंडी पड़ गई। जिन नेताओं और उनके समर्थकों में कुछ देर पहले तक उत्साह की लहर थी, वे कुछ ही पलों में मायूस नजर आए। कई जगह चर्चा शुरू हो गई कि आखिर यह सूची किसने और किस मंशा से वायरल की, और क्या यह संगठन के अंदर बढ़ती खेमेबाज़ी की नई कड़ी है।
वायरल सूची के पीछे की राजनीति और इसके कारण पैदा हुई हलचल ने भाजपा के आंतरिक समीकरणों को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब जिला भर में चर्चा इस बात की है कि असली कार्यकारिणी कब आएगी और क्या उसमें वे नाम शामिल होंगे, जिनकी उम्मीदों पर फिलहाल पानी फिर गया है या तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
सूची को लेकर प्रदेश मिडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के मोबाइल नंबर 9826558877 एवं बीजेपी जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया से उनके मोबाइल नम्बर 9425342822 पर संपर्क करने की कोशिश की गईं लेकिन सम्पर्क नहीं हो सका