डेढ़ साल के बच्चे के साथ आत्महत्या करने रेलवे ट्रैक पर पहुंची,आरपीएफ ने बचाई जान

Jan 13 2026

ग्वालियर। ससुराल वालों की प्रताडऩा से परेशान एक महिला अपने बच्चे के साथ रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने पहुंच गई, आरपीएफ की सूझबूझ की वजह से महिला की जान बच गई। यही नहीं इस महिला ने सुसाइड नोट लिखकर अपने भाई के मोबाइल पर भेज दिया और मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया जिसकी वजह से मायके वाले भी इसकी तलाश कर रहे थे।
रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि जब सहायक उप निरीक्षक मो. अहमद हमराह, आरक्षक मनीष शर्मा, आरक्षक चरण सिंह मीणा, महिला आरक्षक सुमन ग्वालियर रेलवे स्टेशन यार्ड पर गश्त कर रहे थे। उन्हें एक महिला बच्चे को लिए रेलवे ट्रैक पर रोती हुई मिली।
आरपीएफ की टीम सहायक उप निरीक्षक अहमद हमराह स्टाफ के साथ महिला के पास पहुंचे तथा रेलवे ट्रैक से महिला व बच्चे को हटाकर पूछताछ की तो उसने अपना संजू धाकड़ पति राहुल धाकड़ उम्र 26 वर्ष निवासी शिव नगर सागरताल रोड बताया। उसने बताया कि उसके ससुराल वाले उसे अत्यंत प्रताडि़त करते हैं जिससे तंग आकर वह अपने डेढ़ साल के बेटे ज्यादित्य के साथ ट्रेन से कट कर आत्महत्या करने आई थी।