अगर आरोप निराधार हैं तो दस्तावेज उपलब्ध कराएं सीएमओ, नगर को भ्रमित न करें

Jan 12 2026

भितरवार। धराशाही कराए गए पुराने नगर परिषद भवन का मामला दिन प्रतिनिदिन तूल पकड़ता जा रहा है। गिराए गए भवन में अनियमितताओं लेकर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सतीश मघैया के आरोपों को सीएमओ रीता कैलशिया द्वारा निराधार बताने पर यह मामला एक बार फिर गर्मा गया है। 
सीएमओ के बयान के बाद पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष श्री मघैया ने स्थानीय निकाय से एक बार फिर कई सवाल किए हैं। उन्होंने कहा अगर आरोप निराधार हैं। तो सीएमओ भवन गिराने के दस्तावेज उपलब्ध कराएं नगर को भ्रमित न करें। 
उल्लेखनीय है कि गिराए गए पुराने नगर परिषद भवन को लेकर शुक्रवार को पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सतीश मघैया ने तहसीलदार को एसडीएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा था। जिसमें उन्होंने स्थानीय निकाय पर भवन गिराने में अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाया था। श्री मघैया ने ज्ञापन में कहा था कि धराशाही कराए गए पुराने नगर परिषद भवन का 25 लाख रुपए का मटेरियल कहां गया इसकी जांच कराई जाए। वहीं उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष,सीएमओ और सब इंजीनियर पर गिराई गई पुरानी बिल्डिंग के मटेरियल को खुर्द बुर्द करने का आरोप लगाते हुए बताया था कि भवन गिराने के लिए निकाय ने कोई विज्ञप्ति नहीं निकलवाई। बिना तकनीकी अधिकारी की रिपोर्ट के मनमाने तरीके से पूरे भवन निर्माण सामग्री एक लाख से कम मूल्याकन दर्शाया जाकर ऑफ लाइन विज्ञप्ति दर्शाई जाकर गुप चुप तरीके से फर्जी नीलामी प्रक्रिया की गई है। 
श्री मघैया द्वारा दिए गए ज्ञापन के बाद सीएमओ रीता कैलशिया का एक बयान सामने आया था। जिसमें उन्होंने पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष के आरोपों को निराधार बताया था। सीएमओ के बयान को सुनने के बाद पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सतीश मघैया एक बार फिर इस मामले को लेकर आगे आए हैं। 
सोमवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित कर श्री मघैया ने कहा कि भवन गिराए जाने के मामले में सीएमओ क्लीन चिट कैसे दे सकतीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर पुराने भवन को गिराने में भ्रष्टाचार नहीं हुआ है तो सीएमओ आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं नगर को भ्रमित न करें। वहीं  उन्होंने कहा कि भवन गिराए जाने में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत जल्द ही जिला प्रशासन से करेगें।