ध्यान से तनाव मुक्त होंगे और कार्यक्षमता मजबूत होगी

Jan 12 2026

भितरवार। पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और आंतरिक संतुलन को मजबूत करने के उद्देश्य से ध्यान कार्यक्रम शुरू हुआ है। जो पुलिस को तनावमुक्त और सकारात्मक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस बल के मानसिक स्वास्थ्य,आंतरिक संतुलन एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल के अंतर्गत मध्य प्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में ध्यान कार्यक्रम का आयोजन भितरवार और बेलगढ़ा थाने में किया गया। जिसमें हार्टफुलनेस संस्था की टीम ने पुलिस कर्मियों को ध्यान का महत्व बताया। रविवार को भितरवार पुलिस थाने में हार्टफुलनेस के प्रशिक्षक अखिलेश गुप्ता एवं बेलगढा पुलिस थाने में प्रशिक्षक जयंत सिंह यादव ने पुलिस कर्मियों के लिए ध्यान सत्र का आयोजन किया। जिसमें पुलिस ने भोपाल से आनलाइन के माध्यम से जोडक़र तनावमुक्त जीवन जीने के गुण सीखे। हार्टफुलनेस प्रशिक्षक अखिलेश गुप्ता ने बताया कि यह कार्यक्रम पुलिस कर्मियों को मानसिक रूप से सशक्त,तनावमुक्त एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से युक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस सेवा अत्यंत चुनौतीपूर्ण,दबावपूर्ण एवं जिम्मेदारी से भरी होती है। निरंतर ड्यूटी, कानून-व्यवस्था की चुनौतियाँ,आपातकालीन परिस्थितियाँ एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के कारण पुलिस कर्मियों पर मानसिक एवं भावनात्मक दबाव बना रहता है। जिसे देखते हुए राज्य पुलिस,व जिला पुलिस द्वारा यह प्रयास किया गया है। जिससे पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी ध्यान,योग एवं मानसिक एकाग्रता के माध्यम से तनाव से मुक्ति प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का मूल संदेश हर दिल ध्यान हर दिन ध्यान है। अखिलेश गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक रविवार को नियमित ध्यान का दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है। कि नियमित ध्यान एवं मानसिक अभ्यास को जीवनशैली में अपनाकर न केवल व्यक्तिगत जीवन को संतुलित किया जा सकता है। बल्कि कर्तव्यों के निर्वहन में भी और अधिक एकाग्रता,धैर्य एवं संवेदनशीलता लाई जा सकती है। इस अवसर पर भितरवार थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह,बेलगढा थाना प्रभारी महेंद्र प्रजापति, हार्टफुलनेस वॉलेंटियर राजेंद्र शर्मा,केशव यादव,नागेंद्र रावत,दीपक शर्मा सहित हार्टफुलनेस संस्था के सदस्य उपस्थित थे।