कहां गया 25 लाख का मटेरियल, भ्रष्टाचार हुआ है,जांच कराएं

Jan 09 2026

भितरवार। धराशाही किए गए पुराने नगर परिषद भवन को लेकर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं भाजपा नेता सतीश मघैया ने निकाय के जिम्मेदारों पर कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने नपं अध्यक्ष,सीएमओ और सब इंजीनियर पर गिराई गई परिषद की पुरानी बिल्डिंग के मटेरियल को खुर्द वुर्द करने का आरोप लगाया है। इसकी जांच के लिए श्री मघैया ने एसडीएम के नाम तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा है। 
नगर के वार्ड क्रमांक 4 में नवीन नगर परिषद भवन बनने के बाद तोड़े गए पुराने नगर परिषद भवन को लेकर शनिवार को पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सतीश मघैया एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने तहसीलदार हरनाम सिंह को एसडीएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। जिसमें उन्होंने उल्लेख किया कि पुराना नगर परिषद कार्यालय भवन नगर के वार्ड क्रमांक 6 मैन रोड़ पर बना था। जिसमें कुछ हिस्सा पंचायत कार्यकाल का निर्मित था। तथा आधे से ज्यादा भवन निकाय द्वारा निर्मित कराया गया था। जिसकी संरचना को पुराना दर्शाकर भवन की सामग्री का निजी लाभ लेने से तोड़ा गया है। जिसकी जांच होना आवश्यक है। 
उन्होंने ज्ञापन में बताया कि परिषद द्वारा पुराने कार्यालय भवन को हटाकर नवीन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी। परंतु अध्यक्ष सीएमओ और इंजीनियर के द्वारा पुराने भवन के साथ साथ नव निर्मित भवन को भी हटा दिया गया है। भवन हटाने के पूर्व भवन स्ट्रेकचर की लोक निर्माण विभाग/ एमआईटीएस अथवा अन्य शासकीय कॉलेजों से भवन डिस्मेंटल करने की रिपोर्ट प्राप्त नहीं की गई है।
पुराने भवन हटाने के संबध में भवन की सामग्री खिडक़ी, ईंट, दरवाजे, जाली, कोटा स्टोन, टाइल्स, फर्सी, पंखा, कूलर खंडे आदि का मूल्यांकन नहीं किया गया। और न ही तकनीकी स्वीकृति ली गई है। वहीं श्री मघैया ने ज्ञापन में बताया कि पुराने भवन निर्माण में निकलने बाली निर्माण सामग्री जिसकी कीमत 25 लाख रुपए होगी। जिसकी नीलामी करने के संबध में भवन हटाने के उपरांत निर्माण सामग्री की न तो सूची बनाई गई। और न ही निर्माण सामग्री की सूचना किसी को दी गई है। भवन निर्माण सामग्री की नीलामी के लिए ऑन लाइन प्रकाशन होना था।
बिना तकनीकी अधिकारी की रिपोर्ट के मनमाने तरीके से पूरे भवन निर्माण सामग्री का एक लाख से कम दर्शाया जाकर ऑफ लाइन विज्ञप्ति दर्शाई जाकर गुप चुप तरीके से फर्जी नीलामी प्रक्रिया की गई है। भवन तोडऩे के दौरान भवन निर्माण में जो सामग्री अच्छी कंडीशन में थी। उसे निजी उपयोग के लिए अध्यक्ष एवं उनके चहेते लोग अपने घर ले गए। तथा कुछ सामग्री औने पौने दामों पर बेच दी गई। इस प्रकार नगर की संपत्ति को निजी लाभ के लिए खुर्द बुर्द किया गया है। ऐसी अनियमत्ताओं की जांच कराई जाए।