कार ने युवक को टक्कर मारी, मौत परिजनों ने शव को घटनास्थल पर रखकर चक्काजाम किया

Jan 06 2026

ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेले के गेट पर गत दोपहर हुए सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना के लगभग 24 घंटे बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर युवक के परिजनों ने मंगलवार को शव को घटनास्थल पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
फुटेज में दिख रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने युवक को टक्कर मारी, जिससे वह उछलकर करीब 20 मीटर दूर डिवाइडर से जा टकराया। मृतक की पहचान सागरताल रोड स्थित सती विहार कॉलोनी निवासी कोचिंग संचालक मुकेश कुशवाह के रूप में हुई है।
मृतक मुकेश की पत्नी ने मांग की कि जब तक आरोपी को पकड़ा नहीं जाएगा, शव को नहीं हटाया जाएगा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा।
मुकेश के साले मनीष कुशवाह ने बताया कि उनके जीजा मेले में किसी नौकरी के लिए इंटरव्यू देने गए थे। लौटते समय यह हादसा हुआ। साथ ही मनीष कुशवाह ने पुलिस पर फुटेज न दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में शव रखवाने के बाद वे मेले में सीसीटीवी फुटेज देखने गए थे, जहां उन्हें एक कैमरे में कार का फुटेज दिखा, लेकिन पुलिस ने उन्हें फुटेज नहीं दिए। मनीष ने यह भी बताया कि मुकेश की चार साल की एक बेटी है, जो रात तक अपने पिता का इंतजार कर रही थी। बच्ची और उसकी मां को अभी मुकेश की मौत की सूचना नहीं दी गई है।
मुकेश की मौत से आहत परिजनों ने मेले के गेट पर लगभग ढाई घंटे का जाम किया। इस दौरान परिजन आरोपी को पकडक़र सामने लाने की बात पर खड़े रहे। समाजसेवियों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा और पुलिस की समझाइस के बाद परिजन माने और तत्काल कार्रवाई की बात पर शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए।
 इस दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक तेज रफ्तार कार मुकेश को इतनी जोर से टक्कर मारती दिख रही है कि वह उछलकर करीब 20 मीटर दूर डिवाइडर से जा टकराता है। दृश्य देखकर लोग सिहर उठे।
सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि गोले का मंदिर थाना क्षेत्र में मेले के सामने यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने चक्काजाम किया, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।