अनुशासन, निरंतरता और जनसहभागिता, समाजकार्य की सफलता का मूल मंत्र-सुशील बरुआ

Jan 05 2026

ग्वालियर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम की कक्षाओं का आज संभाग समन्वयक सुशील बरुआ द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पौहरी, चाचौड़ा एवं मुरार विकासखंड की कक्षाओं का अवलोकन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी एवं रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पौहरी एवं चाचौड़ा विकासखंड की कक्षाओं का वीडियो कॉलिंग के माध्यम से निरीक्षण किया गया, जबकि मुरार विकासखंड में संभाग समन्वयक द्वारा प्रत्यक्ष रूप से कक्षाओं का भ्रमण कर शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षण गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों की सहभागिता का जायजा लिया गया।
इस अवसर पर सुशील बरुआ ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम युवाओं को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र इस पाठ्यक्रम के माध्यम से जो सैद्धांतिक ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं, उसे अपने चयनित ग्रामों में प्रैक्टिकल कार्य के रूप में धरातल पर उतारें और समाज के वास्तविक मुद्दों के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने अनुशासन, निरंतरता और जनसहभागिता को समाज कार्य की सफलता का मूल मंत्र बताया।
वहीं वरिष्ठ समाजसेवी हरिओम गौतम ने छात्रों से कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है जब युवा जमीनी स्तर पर लोगों के बीच जाकर कार्य करें। उन्होंने छात्रों को सेवा भाव, संवेदनशीलता एवं ईमानदारी के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में की उपयोगिता पर संतोष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक सक्रियता के साथ समाज सेवा से जुडऩे का आह्वान किया गया। इस अवसर पर मुरार विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रीति वाजपेयी, मेंटर शैलेंद्र चौधरी, धर्मेंद्र शर्मा, कल्पना तिवारी सहित सभी मेंटर उपस्थित थे।