पलायछा गांव का युवक नदी में कूंदा, हुई मौत

Jan 04 2026

भितरवार। बीती रात पलायछा गांव का एक युवक नदी में कूद गया। मानसिक रूप से कमजोर उक्त युवक ने घर से दौडक़र नदी में छलांग लगा दी। जिसे कुछ लोगों ने देख लिया और उसके परिजनों को सूचना दी। जिस पर तत्काल मौके पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों के साथ युवक की नदी में खोजबीन की। रात के अंधेरे की बजह से परिजन युवक को खोजने में सफल नहीं हो सके। कई घंटों बाद रविवार को दिन में ग्रामीण गोताखोरों को उक्त युवक का शव मिला।
जानकारी के अनुसार बेलगढा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पलायछा निवासी नीरज परिहार पुत्र कल्याण परिहार उम्र 35 वर्ष शनिवार की रात खाना खाने के घर से अचानक निकल कर भाग गया। घर से दौडक़र उसने पलायछा और सिल्हा गांव के समीप से निकली वाली पार्वती नदी में छलांग लगा दी। उक्त युवक को छलांग लगाते हुए कुछ ग्रामीणों ने देख लिया। और इसकी सूचना परिजनों को दी जिस पर कुछ ग्रामीणों के साथ परिजन नदी पर पहुंचे। और उन्होंने अपने स्तर पर युवक की खोजबीन शुरू की लेकिन रात का अत्यधिक अंधेरा होने के कारण वे युवक ढूंढने में सफल नहीं हो सके।
वहीं बाद में ग्राम पंचायत के सरपंच सुरेश कुशवाह ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी। जिस पर बेलगढा पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन रात के अंधेरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। रविवार की सुबह पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा अपने संसाधनों के माध्यम से पुन: सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया।
बताते हैं कि रविवार को दोपहर 1 बजे युवक का शव स्थानीय ग्रामीण गोताखोरों को मिल गया। ग्रामीणों द्वारा नदी में डाले गए लोहे के कांटे में युवक का शव फंस गया। जिसे पानी से बाहर निकाल कर पुलिस ने अपनी कस्टडी में लिया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भितरवार अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने पीएम कर शव को परिजनों को सुपुर्द किया। उक्त मृतक युवक मानसिक बीमारी से पीडि़त बताया गया है।